*बखोपुर में सड़क हादसे में युवक की मौत, साथी घायल*
*********************
*संवाद:ओम प्रकाश मिश्रा*
सुजानगंज। क्षेत्र के बखोपुर ग्राम सभा में बीती रात हुए सड़क हादसे में चेती गांव निवासी संतोष गिरी (40) की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने दोपहिया वाहन से घर लौट रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, संतोष गिरी किसी काम से हरिपुर बाजार गए थे। देर रात लौटते समय बखोपुर के पास अचानक सामने से आए वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में संतोष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठे भोलू (30) पुत्र सकारी निवासी रामनगर को हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने घायल को सीएचसी सुजानगंज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक संतोष गिरी अपने पीछे तीन पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।
