*पूर्वांचल विश्वविद्यालय में हंगामा, मुक्तांग परिसर में शराब की बोतलें मिलने पर छात्रों का धरना*
*********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में रविवार को हंगामा मच गया। मुक्तांग परिसर में शराब और बीयर की खाली बोतलें मिलने के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
छात्रों का आरोप है कि शनिवार देर रात कुछ शिक्षक और कर्मचारी परिसर में पार्टी कर रहे थे। पार्टी खत्म होने के बाद वहीं शराब और बीयर की खाली बोतलें छोड़ दी गईं। छात्रों ने इसे विश्वविद्यालय में चल रहे नशा मुक्ति अभियान की विफलता करार दिया।
मुक्तांग परिसर में मंदिर और पीपल का पेड़ भी है, जहां पर परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी और उनके परिजन बैठते हैं। छात्रों ने कहा कि ऐसे पवित्र स्थल पर इस तरह की गतिविधि अस्वीकार्य है।
सुबह बोतलें मिलने के बाद छात्रों ने पहले वहीं धरना शुरू किया। दोपहर तक दर्जनों छात्र जुट गए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। आरोप है कि मौके पर पहुंचे चीफ प्रॉक्टर ने छात्रों से मिलने से इनकार कर दिया। इससे नाराज छात्रों ने मुख्य गेट बंद कर धरना शुरू कर दिया।
धरने के दौरान छात्रों ने चीफ प्रॉक्टर के खिलाफ “मुर्दाबाद” और “भगोड़ा है” जैसे नारे लगाए। गेट बंद होने से विश्वविद्यालय के अंदर-बाहर का आवागमन ठप हो गया। कई कर्मचारी और परीक्षार्थी फंस गए। सुरक्षाकर्मियों से भी छात्रों की तीखी नोकझोंक हुई।
छात्रों का कहना है कि प्रशासन सिर्फ दिखावटी नशा मुक्ति अभियान चलाता है, जबकि कैंपस में आए दिन नशे से जुड़े मामले सामने आते रहते हैं। उन्होंने दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि देर शाम तक छात्र मुख्य गेट पर धरना जारी रखे हुए थे।
