*प्रतापगढ़/थाना आसपुर देवसरा रास्ते की विवाद में प्रार्थना पत्र की जांच करने गए दरोगा और पुलिस पर आरोपियों ने किया हमला*
*आसपुर देवसरा पुलिस में मुकदमा दर्ज कर दो लोगों की गिरफ्तारी भी कर ली है। अन्य की तलाश की जा रही है।*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ / आसपुर देवसरा। रास्ता बाधित करने की शिकायत की जांच को पहुंचे दरोगा, सिपाही पर आरोपी और उसके परिवार के लोगों ने हमला बोल दिया। दोनों को मारपीट कर वर्दी फाड़ दी और बाइक का टायर काट दिया। थाने से फोर्स पहुंचने के बाद दो हमलावरों को हिरासत में लिया गया है। आसपुर देवसरा के रामपुर बवलिया गांव की एक महिला ने थाने में शिकायती पत्र देकर बताया कि पड़ोसी ने उसका रास्ता बाधित कर दिया है। थाने के उप निरीक्षक अजय अंचल शनिवार को सिपाही राकेश सरोज के साथ मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता महिला से जानकारी लेने के बाद आरोपी कमलेश से पूछताछ करने लगे तो वह भड़क गया। कहने लगा कि उसने भी कई प्रार्थना पत्र दिए थे। उसके प्रार्थना पत्र की जांच के लिए नहीं आए तो आज कैसे चले आए। यह कहते हुए वह सिपाही और दरोगा से भिड़ गया। उसके भाई के साथ ही परिवार की महिलाओं ने दरोगा और सिपाही को मारपीटा,और उनकी वर्दी फाड़ दी। फावड़े से उनकी बाइक का टायर भी काट दिया। पूर्वी अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र लाल ने मीडिया सेल के माध्यम से बताया आसपुर देवसरा के रामपुर बवलिया में पुलिस रास्ते के विवाद में जांच को गई थी। वहां कुछ लोगों ने पुलिस से मारपीट की। दरोगा की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसमें दो लोगों की गिरफ्तारी की गई है। अन्य की तलाश की जा रही है।मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”