*जौनपुर में खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण अभियान के सातवें चरण का शुभारंभ*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल *
जौनपुर। राष्ट्रीय रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग के सातवें चरण का टीकाकरण अभियान गुरुवार से जिले में प्रारंभ हो गया। अभियान का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव एवं जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट परिसर से पशुपालन विभाग के 14 बहुउद्देशीय वाहनों, 4 एम्बुलेंस एवं 4 सचल वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि एफएमडी टीकाकरण अभियान 22 जनवरी से 10 मार्च तक संचालित किया जाएगा। इस चरण में जनपद के कुल 6,32,664 पशुओं का टीकाकरण लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए 6,00,550 वैक्सीन खुराकें प्राप्त हुई हैं। इनमें 2,95,060 गौवंशीय तथा 3,37,604 महिषवंशीय पशु शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि जनपद के 21 विकास खंडों में टीकाकरण कार्य के लिए कुल 43 टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में एक उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी/पशु चिकित्साधिकारी, एक पशुधन प्रसार अधिकारी तथा दो से तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी या पैरावेट शामिल हैं। ये टीमें जिले की 1740 ग्राम पंचायतों में लगभग 2 लाख पशुपालकों के पशुओं का टीकाकरण करेंगी।
खुरपका-मुंहपका रोग एक अत्यंत संक्रामक विषाणु जनित बीमारी है, जो संक्रमित पशुओं से स्वस्थ पशुओं में तेजी से फैलती है। यह रोग मुख्य रूप से गोवंश एवं महिषवंश को प्रभावित करता है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, चारा-पानी छोड़ देना, दूध उत्पादन में कमी, मुंह व खुरों में छाले पड़ना तथा लंगड़ापन शामिल है।
पशुपालन विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि वे इस गंभीर रोग से अपने पशुओं को सुरक्षित रखने के लिए समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, क्योंकि एफएमडी रोग की रोकथाम के लिए टीकाकरण ही एकमात्र प्रभावी उपाय है।
