*तालाब में नहाते समय डूबा युवक,6 घंटे बाद मिला शव*
प्रेम शर्मा

जौनपुर के मानीकला गांव में शुक्रवार को तालाब में नहाने गए युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। छह घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। युवक की मौत से गांव में मातम पसर गया।
थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि मोहम्मद इस्माइल (21बर्ष) पुत्र उज़ैर अहमद अपने पड़ोसी आदिल व अन्य बच्चों के साथ घर के पास स्थित तालाब में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया, लेकिन जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक वह डूब चुका था। ग्रामीणों के अथक प्रयास के बाद भी शव का पता नहीं चला।
गोताखोरों की मदद से करीब छह घंटे बाद शव को तालाब से बाहर निकाला गया| सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को खोजने में मदद की। परिजनों के अनुसार मृतक इस्माइल 13 भाई-बहनों में छठे नंबर पर था।