*अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर स्मृति द्वारों का लोकार्पण*
********************
*संवाद : ओम प्रकाश मिश्रा*
बदलापुर क्षेत्र के मरगूपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-731 किनारे विधायक निधि से निर्मित लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर स्मृति द्वार एवं सरदार वल्लभभाई पटेल स्मृति द्वार का सोमवार को विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने लोकार्पण किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय नागरिकों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की महान शासकों में थीं, जिन्होंने जनकल्याण, न्याय, धर्म और संस्कृति के संरक्षण को प्राथमिकता दी। उनका जीवन सेवा, त्याग और सुशासन का प्रेरणादायी उदाहरण है।
वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर नारी शक्ति और धर्मपरायणता की प्रतीक थीं। काशी विश्वनाथ धाम, सोमनाथ मंदिर सहित अनेक धार्मिक स्थलों के निर्माण एवं पुनर्निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने कहा कि स्मृति द्वारों का निर्माण उनके आदर्शों और योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, गोकरण पटेल, डॉ. विकास पाल, उमाशंकर पाल, पवन पाल, पीयूष गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
