महाराजगंज थाना क्षेत्र में जबरन शराब पिलाकर युवक की बेरहमी से हत्या, मामला संदिग्ध

*महाराजगंज थाना क्षेत्र में जबरन शराब पिलाकर युवक की बेरहमी से हत्या, मामला संदिग्ध*

 

*संवाद- प्रशांत तिवारी*

 

महराजगंज थाना क्षेत्र के सराय पड़री गांव में शुक्रवार रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मनोज कुमार यादव (27 वर्ष) पुत्र स्व. भगेलु राम यादव के रूप में हुई।

 

ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार रात मनोज गांव से करीब 500 मीटर दूर पाही पर दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। भोजन के लिए उसकी भाभी ने भतीजे को चावल-रोटी देकर भेजा था। देर रात तक मनोज घर नहीं लौटा तो सुबह उसका भतीजा पाही पर पहुँचा, जहाँ छत पर मनोज का लहूलुहान शव पड़ा मिला।

 

भाभी प्रियंका का आरोप है कि मनोज शराब नहीं पीता था, लेकिन दोस्तों ने जबरन शराब पिलाई और फिर ईंट-पत्थरों से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।

 

परिजनों ने आशंका जताई कि कुछ माह पूर्व गाँव के ही लोगों से विवाद में उस पर एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। हत्या की वजह रंजिश या प्रेम प्रसंग हो सकती है।

 

मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। एक साल पूर्व सड़क हादसे में दो भाइयों की मौत हो चुकी थी, जबकि तीसरा भाई दिल्ली में नौकरी करता है। मनोज ट्रैक्टर चलाकर भाइयों के बच्चों की परवरिश करता था।

 

घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी बदलापुर, महराजगंज थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय व बदलापुर थानाध्यक्ष शेष कुमार शुक्ला पूरे फोर्स के साथ मौके पर पहुँचे। एसओजी प्रभारी के.के. सिंह और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से पत्तल, बर्तन व अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया है।

 

सीओ बदलापुर ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *