*मंदिर से मूर्ति और घंटे चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश*
अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)
जौनपुर: मंदिरों से मूर्ति और घंटे चोरी करने वाले गिरोह का लाइन बाजार पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की पीली धातु की तीन मूर्तियां तथा विभिन्न मंदिरों से चोरी किए गए कुल 26 घंटे बरामद किए गए हैं।
चोरी में प्रयुक्त KIA Sonet कार संख्या UP62DN4304 भी पुलिस ने बरामद की है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने बताया कि लाइन बाजार पुलिस, स्वाट, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली।
पुलिस टीम ने 2 सितंबर की सुबह कुम्भापुर गांव के पास पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मीरगंज, पवारा और लाइन बाजार की चोरी का खुलासा
पुलिस के अनुसार, बरामद तीन पीली धातु की मूर्तियां थाना पवारा में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित हैं।
इनमें भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की मूर्तियां शामिल हैं।
वहीं मीरगंज थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों से संबंधित तीन मंदिर के घंटे तथा लाइन बाजार थाना क्षेत्र में दर्ज मामले से संबंधित दो घंटे बरामद किए गए।
इसके अलावा विभिन्न मंदिरों से चोरी किए गए छोटे-बड़े 21 अन्य घंटे भी पुलिस ने बरामद किए हैं। इस तरह पुलिस के अनुसार कुल 26 मंदिर के घंटे बरामद हुए हैं।
पुलिस ने चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त सफेद रंग की KIA Sonet कार भी बरामद की है।
कार का पंजीकरण नंबर UP62DN4304 है।
पुलिस के मुताबिक यह कार आरोपी शिवप्रकाश तिवारी उर्फ राजन के कब्जे से बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवप्रकाश तिवारी उर्फ राजन (32), ब्रह्मदेव तिवारी उर्फ ओम तिवारी (25), रोहित गुप्ता (26), रामबाबू जायसवाल (45) और रोहित गुप्ता (30) शामिल हैं।
सभी आरोपी जौनपुर जनपद के अलग-अलग स्थानों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामदगी के आधार पर मीरगंज, पवारा और लाइन बाजार थाना क्षेत्रों में हुई मंदिर चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में लाइन बाजार थाना प्रभारी के.के. सिंह, स्वाट प्रभारी बजुवेन्द्र सिंह, एसओजी प्रभारी प्रवीण यादव, सर्विलांस सेल की टीम समेत लाइन बाजार थाना और टीडी कॉलेज चौकी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
