*पीली नदी में डूबे युवक की तलाश में SDRF ने संभाला मोर्चा*
*पुलिस के नेतृत्व में दोनों तटों व संभावित स्थानों पर चला सघन तलाशी अभियान, नहीं मिली सफलता*
*******************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ। थाना सिगरामऊ क्षेत्र के बहरा पार्क के समीप पीली नदी में डूबे युवक की तलाश में पुलिस के बाद अब एसडीआरएफ की टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस के नेतृत्व में दोनों नदी तटों सहित संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन टीम को सफलता नहीं मिल सकी।
बताया जाता है कि तीन दिन पूर्व सिगरामऊ थाना क्षेत्र के बहरा पार्क के समीप पीली नदी में एक युवक का शव उतराता हुआ मिला था। शव की पहचान मल्लूपुर गांव निवासी गोरख कुमार पुत्र रामआसरे के रूप में हुई थी। मौके पर उसके दूसरे साथी के कपड़े भी मिले थे। कपड़ों के आधार पर पुलिस ने आशंका जताई कि उसका साथी मोनू सपेरा पुत्र रामकुमार, निवासी बछाड़ी भी नदी में डूबा हो सकता है।

मोनू सपेरा की तलाश में पुलिस ने नदी के दोनों तटों और आसपास के संभावित स्थानों पर काफी सघन अभियान चलाया, लेकिन कई प्रयासों के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
लगातार तलाशी अभियान के बाद थाना प्रभारी सिगरामऊ अखिलेश मौर्य ने एसडीआरएफ की मदद मांगी। इसके बाद शाम से एसडीआरएफ की टीम ने टीम प्रभारी सुखीराम यादव के नेतृत्व में नदी में तलाशी अभियान शुरू किया।
एसडीआरएफ टीम में आरक्षी चंद्र प्रकाश, अभिषेक, जय सिंह और अमन पटेल शामिल रहे। थाना प्रभारी अखिलेश मौर्य तथा उनके हमराहियों की देखरेख में टीम ने नदी के विभिन्न हिस्सों में संभावित स्थानों पर तलाश की। कई घंटों चले अभियान के बावजूद लापता युवक का कोई पता नहीं चल सका।
युवक के नहीं मिलने से परिजनों में चिंता और मायूसी का माहौल बना हुआ है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम द्वारा युवक की तलाश के लिए आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही गई है। पीड़ित पक्ष व ग्रामीणों में मुख्य रूप से रंजीत कुमार राजा जिला पंचायत सदस्य बदलापुर, सोनू गौतम, आकाश कुमार, अज्जू, सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे
