गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार और परिवार नियोजन की दी जानकारी
दधीच विश्वकर्मा
चांदा (सुलतानपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा परिसर में मंगलवार को गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण को लेकर जागरूकता कैंप आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक चले कैंप में गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान खानपान, नियमित स्वास्थ्य जांच, पोषण और परिवार नियोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कैंप में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शिव कुमारी के साथ सहायिका दीपिका पाल, सीता और माया मौजूद रहीं। कार्यकर्ताओं ने गर्भवती महिलाओं और बच्चों को विभाग की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले पोषण आहार और सामग्री के बारे में जानकारी दी। एएनएम गीता ने गर्भवती महिलाओं को संतुलित व पौष्टिक आहार लेने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जागरूक किया।
आशा कार्यकर्ता पूनम शुक्ला ने महिलाओं को स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। कैंप में गर्भवती महिलाओं और बच्चों को दिए जाने वाले विभिन्न पोषण संबंधी खाद्य पदार्थों व सामग्री का प्रदर्शन भी किया गया।
सीएचसी प्रभारी आरसी यादव ने बताया कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य व पोषण के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे कैंप प्रत्येक माह की 1, 9, 16 और 24 तारीख को आयोजित किए जाते हैं।
