*जौनपुर में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों को जारी हुई एडवाइजरी*
*******************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। जिले में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. गंगाराम गौतम ने जिला अस्पतालों के साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और निजी अस्पतालों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एडवाइजरी में बीमारी की निगरानी, संक्रमण की रोकथाम, नियंत्रण और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है।
सीएमओ की ओर से जारी दिशा-निर्देशों में स्वाइन फ्लू के मरीजों को उनके लक्षणों की गंभीरता के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटकर उपचार और प्रबंधन करने को कहा गया है। इसका उद्देश्य गंभीर मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें उचित उपचार उपलब्ध कराना और संक्रमण के प्रसार पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाना है।
हल्के लक्षण वाले मरीजों को घर पर रहने की सलाह
एडवाइजरी के मुताबिक श्रेणी ‘ए’ में ऐसे मरीजों को रखा गया है, जिनमें हल्का बुखार, खांसी और गले में खराश जैसे सामान्य लक्षण पाए जाते हैं। ऐसे मरीजों को औसेल्टामिविर दवा देने अथवा प्रयोगशाला जांच कराने की आवश्यकता नहीं बताई गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने इन मरीजों को घर पर ही आइसोलेट रहने और लक्षणों के अनुसार उपचार कराने की सलाह दी है। साथ ही अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को निर्देशित किया गया है कि मरीजों की स्थिति पर नजर रखते हुए जरूरत पड़ने पर उन्हें आगे की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
