*प्राथमिक विद्यालय में बड़ी लापरवाही*
*कक्षा में एक घंटे तक बंद रहा मासूम छात्र, जांच के आदेश*
*******************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। प्राथमिक विद्यालय वनपुरवा परियावा में शिक्षकों की कथित लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। स्कूल की छुट्टी होने के बाद कक्षा दो का एक छात्र क्लासरूम में ही बंद रह गया। करीब एक घंटे बाद उसे बाहर निकाला गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में कक्षा दो का छात्र विपिन निषाद छुट्टी के काफी देर बाद भी घर नहीं पहुंचा। इस पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान किसी ने सूचना दी कि बच्चा स्कूल के एक कमरे में बंद है और खिड़की से बाहर झांककर रो रहा है।
परिजनों ने तत्काल विद्यालय के स्टाफ को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद स्कूल का कमरा खोला गया और करीब एक घंटे बाद छात्र को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) समीर ने बताया कि प्रकरण उनके संज्ञान में आ गया है। उन्होंने इसे गंभीर बताते हुए खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सिरकोनी अमरेश कुमार सिंह को जांच के निर्देश दिए हैं। बीएसए ने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
