बदलापुर पावर हाउस पर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने की समीक्षा बैठक, 18 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

बदलापुर पावर हाउस पर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने की समीक्षा बैठक, 18 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

अजय पाण्डेय

बदलापुर (जौनपुर)। बदलापुर पावर हाउस पर क्षेत्रीय भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिशासी अभियंता (XEN), एसडीओ, अवर अभियंता (JE) सहित अन्य अधिकारियों से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।

विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी फीडरों की नियमित निगरानी की जाए तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखा जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के उपभोक्ताओं को प्रतिदिन 18 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं।

 

बैठक के दौरान विधायक ने कहा कि लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति से आम उपभोक्ता परेशान हैं। वर्तमान समय में धान की रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है और किसानों को सिंचाई के लिए बिजली की अत्यधिक आवश्यकता है। इसे देखते हुए विभागीय अधिकारी उपलब्ध संसाधनों के अनुसार अधिकतम समय तक विद्युत आपूर्ति बनाए रखें, ताकि किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

 

उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा फॉल्ट होने पर तत्काल मरम्मत कर आपूर्ति बहाल करने के निर्देश भी दिए। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने क्षेत्र में बेहतर विद्युत व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!