मिशन सेफ फ्यूचर: जौनपुर में 77 स्कूली वाहनों का चालान, 15 वाहन सीज

*मिशन सेफ फ्यूचर: जौनपुर में 77 स्कूली वाहनों का चालान, 15 वाहन सीज*

*******************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने जिले में चलाए गए विशेष अभियान ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। एक से 15 जुलाई तक चले अभियान में फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले 77 स्कूली वाहनों का चालान किया गया, जबकि 15 वाहनों को सीज कर विभिन्न थानों में खड़ा कराया गया।

 

जिलाधिकारी ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उन विद्यालयों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, जिनके वाहन निर्धारित मानकों का पालन किए बिना संचालित किए जा रहे हैं।

 

एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि परिवहन आयुक्त के निर्देश पर जिलेभर में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान स्कूल वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई।

 

जांच में कई वाहन बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र और परमिट के संचालित पाए गए, जिनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। अभियान रामपुर, खुटहन, चंदवक, मछलीशहर, मड़ियाहूं, केराकत, जफराबाद और लाइनबाजार थाना क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी में चलाया गया।

 

एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि बिना वैध परमिट, फिटनेस और सुरक्षा मानकों के संचालित स्कूली वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और वाहन स्वामियों से अपील की कि बच्चों के परिवहन में लगे वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का समय पर नवीनीकरण कराएं। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान और सीज की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!