*तेज आंधी-बारिश में कच्ची दीवार गिरी, महिला की दबकर मौत*
********************
*संवाद: माता चरण पांडे*
तेजीबाजार थाना क्षेत्र के चितौड़ी गांव में सोमवार शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 48 वर्षीय महिला की कच्ची दीवार के नीचे दबकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, चितौड़ी गांव निवासी मंजू देवी (48), पत्नी जियालाल गौतम, सोमवार शाम करीब सात बजे मवेशियों के लिए खेत से घास काटने गई थीं। इसी बीच मौसम अचानक खराब हो गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह पास में बनी एक कच्ची दीवार के सहारे खड़ी हो गईं। तभी दीवार अचानक भरभराकर ढह गई और वह उसके मलबे के नीचे दब गईं। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मंजू देवी अपने पीछे पति जियालाल गौतम और पांच बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। जियालाल मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार की बड़ी बेटी सोनी का विवाह हो चुका है, जबकि राहुल, अंजली, उमेश और अरुण अविवाहित हैं और पढ़ाई कर रहे हैं।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव के बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।
थानाध्यक्ष सतेंद्र भाई पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
