*बाथरूम निर्माण विवाद में चाकू से घायल युवती की मौत, गांव में पुलिस तैनात*
*******************
*अरुण कुमार जायसवाल जिला ब्यूरो*
जौनपुर। सुरेरी थाना क्षेत्र के परमालपुर गांव में बाथरूम निर्माण को लेकर हुए विवाद में चाकू के हमले से गंभीर रूप से घायल 20 वर्षीय युवती उजाला सिंह की गुरुवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। युवती का जौनपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बताया गया कि 17 अगस्त को आजमगढ़ जिले के तरवां थाना क्षेत्र के उचहुवां गांव निवासी विषेक शर्मा अपने परिजनों के साथ परमालपुर गांव आए थे। इसी दौरान बाथरूम निर्माण को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि परमालपुर निवासी रविन्द्र कुमार सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया।
हमले में गुड्डू के भाई के साले सत्यपाल सिंह और उजाला सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उजाला को उपचार के लिए जौनपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने घटना के संबंध में मिली तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राजेश दुबे को सौंपी गई है।
थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि युवती की मौत के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
