*लक्ष्मी सदैव श्रीहरि विष्णु एवं सुमति के साथ निवास करती हैं : धर्मराज महाराज

*लक्ष्मी सदैव श्रीहरि विष्णु एवं सुमति के साथ निवास करती हैं : धर्मराज महाराज*

 

*श्रीमद्भागवत कथा के विश्राम दिवस पर कृष्ण-रुक्मिणी विवाह की भव्य झांकी, भक्तिरस में डूबे श्रद्धालु*

 

*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*

 

सिगरा मऊ। क्षेत्र के डंडारी गांव में परम बड़भागी श्री वंश गोपाल उपाध्याय (दादा )के यहां आयोजित सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के सातवें एवं विश्राम दिवस पर श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। कथा व्यास डॉ. धर्मराज महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की रासलीला, कंस वध तथा अन्य दिव्य लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

 

कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मिणी के विवाह प्रसंग का सजीव मंचन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। जैसे ही विवाह की रस्में प्रारंभ हुईं, पूरा कथा पंडाल हरिनाम संकीर्तन, ढोल-नगाड़ों और मंगल गीतों से गूंज उठा। महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाए, जबकि पुरुष श्रद्धालु भक्ति संगीत पर झूमते नजर आए।

 

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कथा व्यास डॉ. धर्मराज महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण एवं माता रुक्मिणी का विवाह संस्कार संपन्न कराया। यजमान परिवार ने भगवान के चरण पखारकर विधिवत वर-कन्या पूजन किया।

 

अपने प्रवचन में डॉ. धर्मराज महाराज ने कहा कि समय के साथ विवाह की परंपराओं में बदलाव अवश्य आया है, लेकिन सनातन संस्कृति की मूल भावना आज भी अक्षुण्ण है। उन्होंने कहा कि माता लक्ष्मी सदैव श्रीहरि भगवान विष्णु के साथ निवास करती हैं और जहां सुमति, सदाचार एवं धर्म का वास होता है, वहीं लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। उन्होंने शिशुपाल का उदाहरण देते हुए कहा कि अहंकार और अधर्म के स्थान पर लक्ष्मी कभी स्थायी रूप से निवास नहीं करतीं। श्रद्धालुओं से उन्होंने भगवान नारायण के प्रति अटूट श्रद्धा एवं भक्ति रखने का आह्वान किया।

 

कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ भगवान श्रीकृष्ण का गुणगान किया और कथा व्यास से आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा।

 

इस अवसर पर पप्पू उपाध्याय, राजकुमार सिंह, राजकुमार उपाध्याय, आशीष मिश्र, विमल मिश्रा, धीरज उपाध्याय, ऋतिक उपाध्याय, आदर्श, उत्कर्ष, टिंकू, अशोक शुक्ला, अरुण कुमार जायसवाल जिला ब्यूरो, सुभाष शर्मा, सत्यदेव सिंह, दिगंबर मिश्रा, डॉ. सुशील कुमार यादव, मुन्नू यादव, भारत मिश्रा, मुन्ना मिश्रा, कमलेश मिश्रा, पूर्व प्रधान रामनारायण मिश्र, सूरज, विवेक पाठक, विजय सिंह, राम पूजन, दिव्य प्रकाश, एडवोकेट अखिलेश चतुर्वेदी ,हिमांशु पांडे सहित उपाध्याय परिवार के सदस्य एवं क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!