72 घंटे में चोरी की वैगनार बरामद, एक आरोपी दबोचा; दूसरे की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश

*72 घंटे में चोरी की वैगनार बरामद, एक आरोपी दबोचा; दूसरे की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश*

दधीच विश्वकर्मा

सुलतानपुर। थाना चांदा पुलिस ने चोरी की वारदात का 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चोरी की वैगनार कार बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, बीते 2 जुलाई की रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच वाराणसी-प्रयागराज हाईवे स्थित नन्दगाँव ढाबा के पास से रंजीत यादव की मारुति वैगनार (संख्या UP 51 AH 6014) चोरी हो गई थी। सूचना मिलते ही थाना चांदा पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी, मुखबिर तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी लम्भुआ के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को थाना चांदा पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की कार ग्राम मदारडीह स्थित अल्लन के भट्टे के पीछे निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास खड़ी है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और मौके से चोरी की वैगनार बरामद करते हुए कमलेश निषाद (25) पुत्र राममिलन निषाद, निवासी ग्राम मदारडीह, थाना चांदा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार बरामद वाहन थाना चांदा में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 207/2026 की धारा 303(2) एवं 317(2) बीएनएस से संबंधित है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार दूसरे आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

क्षेत्राधिकारी लम्भुआ ऋतिक कपूर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने हर पहलू पर गंभीरता से जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई सुरागरसी के आधार पर चोरी की कार बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश जारी है और उसे भी शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार वर्मा, उपनिरीक्षक मेराज हुसैन, उपनिरीक्षक अवधेश सिंह यादव, कांस्टेबल प्रेमदीप, सर्वजीत मौर्य, सत्येन्द्र कुमार, शशिभान, परवेन्द्र सिंह तथा आरक्षी चालक सूर्यभान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!