सड़क हादसे में छात्रा की दर्दनाक मौत,परिजनों में मचा कोहराम

*सड़क हादसे में छात्रा की दर्दनाक मौत,परिजनों में मचा कोहराम*

प्रेम शर्मा

जौनपुर: शनिवार सुबह कोचिंग पढ़ने जा रही हाईस्कूल की एक छात्रा सड़क हादसे की शिकार हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल छात्रा ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, महराजगंज थाना क्षेत्र के उमरीकला गांव निवासी रामप्रसाद गौतम की 17 वर्षीय पुत्री रौनक गौतम बक्शा थाना क्षेत्र के दक्षिणपट्टी गांव स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह हाईस्कूल की छात्रा थी और प्रतिदिन की तरह शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे धनियामऊ स्थित कोचिंग संस्थान के लिए निकली थी।

बताया जा रहा है कि जब वह नेशनल हाईवे-731 पर स्थित श्रीनारायण सिन्हा इंटर कॉलेज, सरायहरखू के समीप पहुंची, तभी किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि छात्रा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायल छात्रा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया। हालांकि जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव और ननिहाल में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची बक्शा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हादसे की जांच कर रही है। वहीं, इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!