जमऊ पट्टी शिव मंदिर से राधा-कृष्ण की प्रतिमा विसर्जन के लिए रवाना

*जमऊ पट्टी शिव मंदिर से राधा-कृष्ण की प्रतिमा विसर्जन के लिए रवाना*

*पूजन-अर्चन और आरती के बाद डीजे की धुन पर थिरकते हुए निकली नविसर्जन यात्रा, रास्ते में महिलाओं ने पुष्प-अक्षत बरसाकर किए दर्शन*

*******************

*संवाद:शिवपूजन मिश्रा*

 

सिगरामऊ/जमऊपट्टी। जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर जमऊपट्टी स्थित शिव मंदिर परिसर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के बाद रविवार को राधा-कृष्ण की प्रतिमा विसर्जन के लिए भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पूजन-अर्चन एवं आरती के बाद श्रद्धालु डीजे की भक्तिमय धुनों पर नाचते-गाते हुए प्रतिमा को लेकर आदि गंगा गोमती के तट की ओर रवाना हुए।

तेज धूप और उमस की परवाह किए बिना बड़ी संख्या में श्रद्धालु कृष्ण भक्ति में सराबोर होकर यात्रा में शामिल हुए। भक्तों के जयकारों और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। यात्रा में शामिल श्रद्धालु नाचते-गाते और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।

 

विसर्जन यात्रा के रास्ते में जिन घरों के सामने से शोभायात्रा गुजरी, वहां महिलाओं ने अपने घरों से बाहर निकलकर राधा-कृष्ण की प्रतिमा के दर्शन किए। महिलाओं ने प्रतिमा पर पुष्प एवं अक्षत अर्पित कर श्रद्धापूर्वक पूजन किया और प्रसाद ग्रहण किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की।

 

आयोजक समिति की ओर से यात्रा के दौरान जगह-जगह रुककर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद वितरण के साथ भक्तों का उत्साह लगातार बना रहा। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए आदि गंगा गोमती के तट की ओर बढ़ते रहे, जहां विधि-विधान के साथ राधा-कृष्ण की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

 

बताते चलें कि जन्माष्टमी पर्व पर जमऊ पट्टी स्थित भगवान शिव के मंदिर परिसर में जगत के पालनहार भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया था। इसके अगले दिन विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसी क्रम में आज श्रद्धालुओं द्वारा राधा-कृष्ण की प्रतिमा को विसर्जन के लिए आदि गंगा गोमती के तट तक ले जाया जा रहा है।

 

विसर्जन यात्रा में प्रमुख रूप से देवेश बरनवाल उर्फ काजू, पंकज गुप्ता, निकऊ शर्मा, रमेश यादव, अंबरीश मौर्य, गुलाब मौर्य, चंद्र प्रकाश मौर्य,सुरेश मौर्य, मोटे मौर्य, राजकुमार, दरोगा यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

 

पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। भक्ति गीतों और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!