मुंबई में कार्यरत सिविल इंजीनियर की सड़क हादसे में मौत, शादी की खुशियां मातम में बदली

*मुंबई में कार्यरत सिविल इंजीनियर की सड़क हादसे में मौत, शादी की खुशियां मातम में बदली*

*************************

*संवाद : माता चरण पाण्डेय*

जौनपुर। सुजानगंज थाना क्षेत्र के रामपुर भरहरा गांव निवासी 29 वर्षीय नागेंद्र पटेल उर्फ सुभाष पुत्र जगदीश पटेल की शुक्रवार रात सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह मुंबई में रहकर सिविल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे और 14 मई को अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने घर आए थे।

 

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे नागेंद्र बाइक से अपने गांव से पवारा थाना क्षेत्र के ऊंचौरा स्थित ननिहाल जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर सतहरिया चौकी क्षेत्र के बिंद बस्ती के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक काफी दूर जा गिरी और नागेंद्र के सिर में गंभीर चोट लग गई।

 

दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की सूचना दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

 

बताया जा रहा है कि नागेंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाइयों के नाम महेंद्र पटेल और जितेंद्र पटेल हैं। तीनों भाई मुंबई में रहकर नौकरी करते हैं। परिजनों के अनुसार, नागेंद्र को अगले माह कंपनी की ओर से विदेश भेजा जाना था। दो सप्ताह पहले ही उनकी सगाई हुई थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक हुए हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

 

मुंगराबादशाहपुर थानाध्यक्ष अश्वनी दुबे ने बताया कि दुर्घटना में युवक की मौत हो गई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *