*प्रतापगढ़ पुलिस व स्पेशल टीम की चेकिंग के दौरान बदमाशों से हुई मुठभेड़ दो बदमाश घायल*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ के दिलीपपुर थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। एटीएम बदलकर ठगी करने वाले दो शातिर बदमाश इस मुठभेड़ में घायल हो गए,
जिन्हें गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है घटना उस समय हुई जब दिलीपपुर थाना पुलिस टीम 11 मई 2026 को रसोइया मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान, बिना नंबर प्लेट की एक ग्रे रंग की ब्रेजा कार को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि कार चालक ने पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश करते हुए वाहन को तेज रफ्तार में भगा दिया।
पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया, जिसके बाद वे शहीद स्मारक गेट से जंगल की ओर भाग निकले। आगे एक पुलिया के पास उनका वाहन अनियंत्रित होकर गड्ढे में फंस गया। इसके बाद, दोनों बदमाश कार से उतरकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उन्हें मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान मोहम्मद आफताब और नौशाद अली के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार, ये दोनों शातिर अपराधी हैं और हत्या के प्रयास, लूट तथा चोरी सहित कई गंभीर मामलों में पहले से वांछित थे। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया कि वे सीधे-साधे लोगों के एटीएम कार्ड बदलकर महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में धोखाधड़ी करते थे। एटीएम कार्ड बदलने के बाद वे खातों से रकम निकालकर आपस में बांट लेते थे पुलिस ने बदमाशों के पास से अवैध असलहा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार बरामद की है। थाना दिलीपपुर में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
