प्रतापगढ़ आसपुर देवसरा पुलिस द्वारा विद्यालय चोरी कांड का खुलासा, शातिर चोर चोरी के सामान संग गिरफ्तार

*प्रतापगढ़ आसपुर देवसरा पुलिस द्वारा विद्यालय चोरी कांड का खुलासा, शातिर चोर चोरी के सामान संग गिरफ्तार*

अनिल मिश्र

प्रतापगढ़। थाना आसपुर देवसरा पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता और तेज कार्यशैली का परिचय देते हुए विद्यालय में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित अभियुक्त जोशी वर्मा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद किया है। इस शानदार कार्रवाई के बाद क्षेत्र में देवसरा पुलिस की जमकर सराहना हो रही है। बताया जाता है कि 8 जनवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और दरवाजे का ताला तोड़कर 6 कम्प्यूटर सेट, सिलाई मशीन, खेल सामग्री, विज्ञान एवं गणित किट, स्टेशनरी और अन्य जरूरी सामान चोरी कर लिया था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कृष्णानन्द श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक सचिन कुमार और कांस्टेबल अरविन्द यादव की टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर अभियुक्त जोशी वर्मा को धनेपुर-तिबीपुर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ विद्यालय में चोरी करने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई फुटबाल, बैडमिंटन, चिड़िया और बेडशीट बरामद की गई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से विद्यालय प्रबंधन और क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना आसपुर देवसरा पुलिस लगातार अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर रही है, जिससे अपराधियों में भय का माहौल है। देवसरा पुलिस की इस सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अपराध चाहे जितना भी शातिराना हो, पुलिस की पैनी नजर से बच पाना आसान नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *