गांव में लगी तहसीलदार की अदालत, कार्य शैली में किया बदलाव,वकीलों के विरोध के बीच उठाया बड़ा कदम

*गांव में लगी तहसीलदार की अदालत, कार्य शैली में किया बदलाव,वकीलों के विरोध के बीच उठाया बड़ा कदम*

********************

*संवाद :माता चरण पांडे*

जौनपुर (उत्तर प्रदेश)। तहसील मछलीशहर में अधिवक्ताओं के जारी विरोध के बीच तहसील प्रशासन ने नई पहल करते हुए गांव-गांव चौपाल लगाकर वादकारियों की समस्याओं का समाधान शुरू कर दिया है। इस पहल के तहत तहसीलदार रविरंजन कश्यप ने सजहईकला, सरायबीका और सहिजपुर गांवों में पहुंचकर मौके पर ही मामलों की सुनवाई की और कई विवादों का निस्तारण किया।

 

जानकारी के अनुसार, तहसील मुख्यालय पर चल रहे विरोध के चलते आम वादकारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसे देखते हुए तहसीलदार ने स्वयं गांवों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनने और त्वरित समाधान देने का निर्णय लिया।

 

चौपाल के दौरान तहसीलदार नामित अधिवक्ता, पेशकार और राजस्व टीम के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने लंबित मामलों की गहन समीक्षा की और कई प्रकरणों का मौके पर ही निपटारा किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और अपनी समस्याएं खुलकर अधिकारियों के सामने रखीं।

 

तहसीलदार रविरंजन कश्यप ने कहा, “वादकारियों का कोई अहित नहीं होने दिया जाएगा। उनकी समस्याओं का समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी कार्य पारदर्शिता और सहजता के साथ किए जाएंगे।”

 

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ा है और जरूरत पड़ने पर इसी तरह गांव-गांव चौपाल लगाकर लोगों को न्याय दिलाने का कार्य जारी रहेगा।

 

ग्रामीणों में दिखा संतोष

गांव में चौपाल लगने से ग्रामीणों में संतोष का माहौल देखने को मिला। लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें सीधे अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाने का अवसर मिला है।

 

वकीलों के विरोध के बीच तहसीलदार की यह पहल प्रशासन की सक्रियता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह कदम न केवल वादकारियों को राहत दे रहा है, बल्कि प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद को भी मजबूत कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *