भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ

*भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ*
********************
*संवाद: माता चरण पांडे*

बरईपार, जौनपुर। तेजी बाजार थाना क्षेत्र के सकरा गांव में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के आयोजन से पूर्व भव्य शोभायात्रा निकाली गई। आयोजन के प्रथम दिन निकली इस शोभायात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।

शोभायात्रा के दौरान मुख्य यजमान चंद्रकांत पांडेय अपने सिर पर श्रीमद् भागवत महापुराण की पवित्र पुस्तक रखकर सबसे आगे चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने कलश यात्रा पर पुष्प वर्षा कर श्रद्धा व्यक्त की। “जय श्री कृष्ण”, “धर्म की जय हो” और “ब्रह्म बाबा की जय हो” जैसे जयघोषों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

शोभायात्रा में हाथी की सवारी, गाजे-बाजे और भक्ति संगीत के साथ गांव के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा सकरा गांव से प्रारंभ होकर सई नदी के तट पर स्थित बरम बाबा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे।

यह धार्मिक आयोजन सकरा गांव निवासी यजमान चंद्रकांत पांडेय के आवास पर आयोजित किया जा रहा है। शोभायात्रा में यजमान चंद्रकांत पांडेय, शशिकांत पांडेय एवं उनके परिवार के साथ विद्वान पंडित मार्कंडेय प्रसाद पांडेय, श्रवण कुमार पांडे, राम रमेश चंद्र पांडे, चंद्रप्रकाश पांडेय, वाचस्पति पांडे, राहुल पांडेय, आशुतोष पांडेय उर्फ छोटू, मनीष कुमार, मुन्ना पांडेय और कलेक्टर पांडेय सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति संगीत और धार्मिक अनुष्ठानों का आनंद लिया। गांव में इस धार्मिक आयोजन को लेकर खासा उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *