*नवरात्र के प्रथम दिवस पर फिरोजपुर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़*
*मां दुर्गा मंदिर बना आकर्षण का केंद्र*
********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ (जौनपुर)। क्षेत्र के फिरोजपुर गांव स्थित बाबा बनखंडेश्वर नाथ परिसर में नवरात्र के प्रथम दिवस पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिसर में स्थापित मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आस्था और आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। सुबह से ही ग्राम व क्षेत्र के लोग पूजन-अर्चन और कलश स्थापना में जुटे रहे।
नवगठित मंदिर समिति द्वारा पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे मंदिर दुल्हन की तरह सजा हुआ नजर आ रहा है। बाबा बनखंडेश्वर नाथ परिसर को पंचधाम के रूप में भी जाना जाता है, जहां मां दुर्गा मंदिर के साथ भगवान शिव का उप ज्योतिर्लिंग, हनुमान मंदिर, शनि देव मंदिर तथा क्षेत्रीय गुरु के रूप में विख्यात त्यागी जी महाराज का मंदिर स्थित है, जो श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
हाल ही में ग्रामवासियों के सहयोग से मंदिर परिसर में नंदी महाराज की विशाल प्रतिमा स्थापित की गई है। साथ ही मां जगदंबा की सवारी शेर को भी ऊंचे स्थान पर स्थापित किया गया है। गर्भगृह में स्थापित मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के दर्शन के लिए सुबह से ही महिलाओं और पुरुषों का तांता लगा रहा। कई श्रद्धालुओं ने कलश स्थापना के साथ कन्या पूजन भी किया।
मंदिर के पुजारी सिंधु शुक्ला एवं मंदिर समिति के अध्यक्ष संतोष शुक्ला ने बताया कि पूरे नवरात्र के दौरान नौ दिनों तक मां के विभिन्न स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा की जाएगी। प्रथम दिवस पर मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई।
इस अवसर पर डॉ. प्रकाश शुक्ला, दिनेश शुक्ला, ध्रुव, स्वतंत्र, शुभम पांडे, बीडीसी विवेक, अनिल, हृदयनारायण, रामहित नेता और स्वामीनाथ शुक्ला सहित अनेक लोग उपस्थित रहे और मंदिर की व्यवस्था एवं पूजा-पाठ में सहयोग प्रदान किया।
