*नैनी में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आकर युवक गंभीर रूप से घायल*
********************
*संवाद: मनीष केसरी*
प्रयागराज:
नैनी। क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक सहित बाइक को लगभग 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे घटना और भी भयावह हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक अपनी बाइक से जा रहा था तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गया, जबकि बाइक ट्रक के नीचे फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चालक ने वाहन रोकने के बजाय बाइक को काफी दूर तक घसीटा।
घटना के बाद चालक ट्रक को खड़ा कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल युवक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
