*संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, पुलिस जांच में जुटी*
अरुण जायसवाल( जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव में बीती रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिंडरा गांव निवासी प्रीति गुप्ता (28), पत्नी दसरथ गुप्ता, सोमवार की रात भोजन करने के बाद सोने चली गई थीं। कुछ समय बाद उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर जफराबाद थाने की पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया।
थानाध्यक्ष प्रकाश शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अभी तक मृतका के मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
