*प्रतापगढ़ में बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या जांच में जुटी पुलिस*
*चौखड़ा जंगल में मिला शव, भाई ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ में सोमवार को एक बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक का शव चौखड़ा जंगल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। बदमाशों ने युवक के कनपटी पर सटाकर गोली मारी है ग्रामीणों ने सड़क किनारे युवक को बाइक के पास खून से लथपथ हालत में देखा।
युवक के शरीर पर गोली लगने के निशान थे। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। मामला दिलीपपुर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान नगर कोतवाली क्षेत्र के अचलपुर निवासी मोहम्मद आसिफ के रूप में हुई है ।
वह अपने बड़े भाई आरिफ के साथ रहता था। अर्टिका कार चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। सोमवार सुबह वह बाइक लेकर घर से निकला था। बताया जा रहा है कि शाम करीब पांच बजे चौखड़ा जंगल में बकरी चरा रही एक लड़की ने सड़क किनारे बाइक के पास युवक को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखकर शोर मचाया। इसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर में दीपक भूकर भी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली। पुलिस के अनुसार आसिफ की कनपटी पर सटाकर गोली मारी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और रोने-बिलखने लगे। मृतक के भाई आरिफ ने हत्या के लिए ससुराल पक्ष के लोगों पर आरोप लगाया है पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
