*विद्युत बिल राहत योजना के अंतिम दिन रतासी चौराहे पर उमड़ी भीड़, डेढ़ लाख की वसूली*
********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ (जौनपुर)। जौनपुर जनपद के सिगरामऊ क्षेत्र में विद्युत बिल राहत योजना (ओटीएस) के तीसरे और अंतिम चरण के अंतिम दिन रतासी चौराहे पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही उपभोक्ता योजना का लाभ लेने के लिए कैंप स्थल पर पहुंचने लगे।
दोपहर 12 बजे तक 15 वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) के माध्यम से कुल 16 प्रकरणों का निस्तारण करते हुए लगभग डेढ़ लाख रुपये की वसूली की गई। अंतिम दिन होने के कारण शेष बकायेदार उपभोक्ताओं का आना लगातार जारी रहा।
यह कार्रवाई जूनियर इंजीनियर हिफ्जुल रहमान अंसारी के नेतृत्व में की गई। टीम में लाइनमैन धीरज मौर्य और जयनाथ सक्रिय रूप से मौजूद रहे। योजना के तहत बकाया बिलों पर राहत मिलने से उपभोक्ताओं में खासा उत्साह देखा गया।
उपभोक्ताओं ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि योजना से उन्हें पुराने बिजली बकाये से बड़ी राहत मिली है। कई ऐसे उपभोक्ता भी पहुंचे जिन्होंने पहले कभी नियमित रूप से बिल जमा नहीं किया था, लेकिन इस योजना के तहत उन्हें भुगतान का अवसर मिला।
इस अवसर पर लाइनमैन धीरज मौर्य ने बताया कि विद्युत बिल राहत योजना के तीसरे और अंतिम चरण में विभाग की टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाकर वसूली की गई, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि जो उपभोक्ता पहले और दूसरे चरण का लाभ नहीं ले सके थे, उनके लिए आज अंतिम अवसर है। ऐसे उपभोक्ता शाम 4 बजे तक कैंप में पहुंचकर योजना का लाभ उठा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मीटर रीडर प्रमोद मिश्रा सहित विद्युत विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने पहुंचकर योजना का लाभ उठाया।
जब लाइनमैन धीरज मौर्य से पूछा गया कि क्या सरकार इस योजना की अवधि आगे बढ़ाएगी, तो उन्होंने बताया कि फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। वर्तमान में आज ही योजना का अंतिम दिन निर्धारित है।
