*दिनदहाड़े युवक की चाकू मारकर हत्या, गांव में हड़कंप फैली सनसनी*
********************
*संवाद : माता चरण पांडे*
जौनपुर। जिले के बरसठी थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनीपुर गांव में रविवार सुबह दिनदहाड़े एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जमुनीपुर निवासी 25 वर्षीय शुभम शुक्ला पुत्र राजेश शुक्ला रविवार पूर्वाह्न करीब 10 बजे गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय की ओर गया था। आरोप है कि उसी दौरान मगरमऊ रोड पर बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा मिला।
सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी अस्पताल पहुंची। मृतक के पिता राजेश शुक्ला ने आरोप लगाया कि शनिवार शाम करीब पांच बजे गांव निवासी सुरेंद्र सरोज की पत्नी उनके घर आई थी और उनके बेटे को जान से मरवाने की धमकी दी थी।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।
