*सिगरामऊ व जमऊपट्टी में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आयोजित, कुल 78 ओपीडी दर्ज*
********************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ/जमऊपट्टी। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप छुट्टी के दिनों में भी आमजन को बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला के तहत रविवार को सिगरामऊ एवं जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया।
यह आयोजन बदलापुर सीएचसी प्रभारी डॉ. संजय दुबे के नेतृत्व में संपन्न हुआ। सिगरामऊ केंद्र पर डॉ. अभिषेक प्रजापति एवं महिला चिकित्सक डॉ. पूजा त्रिपाठी द्वारा मरीजों का परीक्षण किया गया। यहां कुल 72 ओपीडी दर्ज की गईं, जिसमें दो गर्भवती महिलाओं की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाएं दी गईं।
वहीं जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. सुशील कुमार यादव, डॉ. दिनेश यादव, मोने अली तथा एएनएम मीरा यादव द्वारा मरीजों की जांच की गई। यहां कुल 7 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया।
महाशिवरात्रि पर्व, जलाभिषेक एवं मेले के आयोजन के कारण अपेक्षाकृत कम संख्या में मरीज स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंच सके। दोनों केंद्रों पर जांच (पैथोलॉजी) की सुविधा उपलब्ध नहीं रही।
दोनों स्थानों को मिलाकर कुल 78 ओपीडी दर्ज की गईं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार आगे भी नियमित रूप से जन आरोग्य मेले आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुलभ एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
