जौनपुर में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

*जौनपुर में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस*

********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के श्रवनपुर गांव में शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 21 वर्षीय प्रदुम्य पाठक पुत्र ननकू पाठक का शव घर से लगभग 100 मीटर दूर एक बगीचे में आम के पेड़ से साड़ी के सहारे लटका मिला।

 

परिजनों को घटना की जानकारी उस समय हुई जब वे सुबह दैनिक कार्य के लिए घर से बाहर निकले। युवक का शव पेड़ से लटका देख परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही रामपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

परिजनों के अनुसार, प्रदुम्य पाठक करीब छह माह पूर्व पॉक्सो एक्ट के एक मामले में जेल गया था और लगभग छह महीने तक कारागार में रहा। वह करीब 20 दिन पहले ही जेल से छूटकर घर लौटा था। हालांकि आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

 

पुलिस ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद गांव में शोक और चर्चा का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *