बैंक के सामने घर का ताला तोड़कर चोरी, CCTV में कैद हुए चोर
चांदा (सुल्तानपुर)।
कोतवाली क्षेत्र के किन्दीपुर बाजार में बीती रात बेखौफ चोरों ने उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के ठीक सामने स्थित एक आवासीय मकान का ताला तोड़कर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर घर से मोटरसाइकिल, पांच बोरी चावल, बर्तन और एक मोबाइल लेकर फरार हो गए। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।जानकारी के अनुसार, चांदा थाना क्षेत्र अंतर्गत किन्दीपुर बाजार में दिलीप शर्मा का मकान ग्रामीण बैंक के सामने स्थित है। रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। उस समय घर के अंदर दिलीप शर्मा के दोनों बेटे ऋषभ और हर्ष सो रहे थे।सुबह करीब 5 बजे जब ऋषभ की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि उनका मोबाइल गायब है। जांच करने पर आलमारी का दरवाजा खुला मिला, पूजा मंदिर का ड्रॉअर टूटा हुआ था और मुख्य गेट का ताला भी टूटा पड़ा था। बाहर देखा तो उनकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी गायब थी।घटना की जानकारी तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को दी गई। इसके बाद दादी मुन्नी शर्मा ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चांदा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो अज्ञात चोर मोटरसाइकिल लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।बताया जा रहा है कि दिलीप शर्मा का मूल निवास मंदिर गांव में है, जबकि यह मकान बाजार में लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित है, जहां उनके दोनों बेटे रहते हैं।ग्रामीण बैंक के ठीक सामने चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब बैंक के सामने सुरक्षित जगह पर चोरी हो सकती है तो अन्य इलाकों का क्या हाल होगा।कोतवाली प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और शीघ्र ही मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
जिला संवाददाता शुभम् कौशल
