भूमि विवाद में हिंसा, युवक पर धारदार हथियार से हमला, तमंचा लहराने का आरोप

*भूमि विवाद में हिंसा, युवक पर धारदार हथियार से हमला, तमंचा लहराने का आरोप*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल *
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरूद्दीनपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव बुधवार को हिंसा में बदल गया। इस दौरान एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आरोप है कि घटना के समय एक युवक ने तमंचा निकालकर गोली चलाने का प्रयास भी किया, लेकिन मौके पर वीडियो बनाए जाते देख वह हथियार सहित फरार हो गया।

सूचना मिलते ही गौराबादशाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी चोरसंड भेजा गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कबीरूद्दीनपुर गांव के आलोक राय और हर्ष राय का अपने पट्टीदार संजीव राय से भूखंड को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। बुधवार को आलोक राय के घर आए एक रिश्तेदार के लौटते समय संजीव राय के घर की ओर देखने पर संजीव राय ने उससे पूछताछ की। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि आलोक राय, हर्ष राय, उनके घर की महिलाओं समेत अन्य लोगों ने संजीव राय को घेरकर हमला कर दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से संजीव राय के दाहिने कंधे पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान हमलावर पक्ष के एक युवक ने तमंचा निकाल लिया और फायरिंग करने की कोशिश की, लेकिन वीडियो बनाए जाते देख वह मौके से भाग निकला।

थाना अध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है, हालांकि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि तमंचा दिखाए जाने की पुष्टि हुई है, जबकि फायरिंग की बात तथ्यहीन प्रतीत होती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!