*बिजली बिल एकमुश्त समाधान योजना के पंजीकरण की तिथि बढ़ी*
*3 जनवरी तक प्रथम चरण की तरह मिलेगा मौका*
*********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने बिजली बिल एकमुश्त समाधान योजना (प्रथम चरण) के पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब उपभोक्ता इस योजना के तहत 3 जनवरी तक पंजीकरण करा सकेंगे। बिजली बिल राहत योजना 2025-26 की अन्य सभी नियम व शर्तें पूर्व की तरह यथावत रहेंगी।
सरकार द्वारा तीन दिन का अतिरिक्त समय दिए जाने से उन उपभोक्ताओं को विशेष सुविधा मिलेगी, जो किसी कारणवश पहले पंजीकरण नहीं करा सके थे। समय सीमा बढ़ने से अधिक से अधिक उपभोक्ता योजना का लाभ उठाकर अपने बकाया बिजली बिलों का समाधान कर सकेंगे।
बताया जा रहा है कि सरकार की ओर से लागू की गई यह योजना अब तक की सबसे बड़ी राहत योजनाओं में से एक बनकर उभरी है। योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिलों में छूट दी जा रही है, जिससे आमजन को आर्थिक राहत मिल रही है और विभाग को भी राजस्व की प्राप्ति हो रही है।
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बढ़ी हुई समय सीमा का लाभ उठाते हुए समय रहते पंजीकरण कराएं, ताकि योजना का अधिकतम फायदा मिल सके।
