*जौनपुर : ओलन्दगंज में होटल में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, नौ हिरासत में*
*********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर जिले के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ओलन्दगंज मुहल्ले के अतिव्यस्त इलाके में रविवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक होटल में चल रहे अनैतिक देह व्यापार का पर्दाफाश हुआ। छापेमारी के दौरान नौ युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान स्थानीय नागरिकों ने सिटी मजिस्ट्रेट से शिकायत की कि ओलन्दगंज स्थित गौतमबुद्ध होटल में अनैतिक देह व्यापार का धंधा संचालित हो रहा है। लोगों ने बताया कि उक्त भवन के प्रथम तल पर होटल संचालित है, जिससे आसपास का माहौल दूषित हो रहा है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट अपनी टीम और पुलिस बल के साथ होटल पहुंचे और छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक कमरे में तीन युवतियां बैठी हुई मिलीं, जबकि तीन अलग-अलग कमरों में युवक-युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए।
सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह ने बताया कि बरामद की गई युवतियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। इनमें से एक युवती की उम्र कम प्रतीत हो रही है, जिसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
