उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का सपा पर तीखा हमला

*उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का सपा पर तीखा हमला*

 

*बाबा साहब का अपमान करने वाली पार्टी अब संविधान की बात कर रही*:– *(केशव प्रसाद मौर्य)*

*********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को जिले में समाजवादी पार्टी पर करारा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का अपमान किया और उनके अनुयायियों को दबाने का काम किया। मौर्य ने कहा कि सपा के शासनकाल में संविधान का खुलेआम उल्लंघन हुआ और अब विपक्ष में रहते हुए उन्हें संविधान की याद आ रही है।

 

उप मुख्यमंत्री शनिवार शाम खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव के पिता सवधू यादव के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए हेलीकाप्टर से समसपुर (पनीयरिया) करंजकला स्थित उनके आवास पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में पूर्व सपा सरकार पर भ्रष्टाचार, डराने-धमकाने और मतदाताओं को प्रभावित करने के गंभीर आरोप लगाए।

 

मौर्य ने एसआईआर (मतदाता सूची सुधार) अभियान को मतदाता सुधार का “महायज्ञ” बताया और कहा कि इसके बाद समाजवादी पार्टी “समाप्तवादी पार्टी” हो जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूलों और मंदिरों में जब सीसीटीवी कैमरे लग सकते हैं, तो मदरसे और मस्जिदें इससे अलग क्यों हों। पारदर्शिता सभी जगह अनिवार्य है और यह सवाल बिल्कुल उचित है।

 

चर्चित कोडीन कफ सिरप प्रकरण पर उन्होंने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तय है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि सपा शासनकाल में हुई किसी भी अनियमितता को बख्शा नहीं जाएगा।

 

मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन और पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्ध है। कानून व्यवस्था को बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि सपा के झूठे वादों से सतर्क रहें और विकास के लिए भाजपा का समर्थन करें।

 

उप मुख्यमंत्री का यह बयान जिले की राजनीतिक गर्मी को और बढ़ाने वाला माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *