*सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वी जयंती पर जनपद में भव्य आयोजन*
*********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
 
जौनपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर शुक्रवार को जिले में ‘रन फॉर यूनिटी’ एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के नेतृत्व में कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे पुलिस लाइन में शपथ ग्रहण समारोह से हुई। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्र की एकता और अखंडता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के उपरांत पुलिस लाइन से प्रारंभ हुई यह एकता दौड़ उत्साहपूर्ण माहौल में निकली। दौड़ में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली बच्चे, भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। लगभग एक किलोमीटर लंबी यह दौड़ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर जाकर संपन्न हुई।
सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने खुली जीप में दौड़ का नेतृत्व किया। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता कृपा शंकर सिंह, जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह तथा जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के साथ मिलकर सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
अपने संबोधन में सांसद डॉ. बलवंत ने कहा कि सरदार पटेल ने राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने देश की 565 रियासतों में से 562 का सफलतापूर्वक एकीकरण कर 25 हजार से अधिक उपजातियों को एक सूत्र में बांधते हुए ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का सशक्त संदेश दिया।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि सरदार पटेल स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, भारत के शिल्पकार और सबके पूजनीय हैं। उन्होंने कहा कि हमें उनके त्याग, बलिदान, साहस और पराक्रम को स्मरण करते हुए उनके जन्मदिवस को ‘रन फॉर यूनिटी’ के रूप में मनाना चाहिए।

 
									 
		 
		 
		