*राउर बाबा मेले में भक्तों का उमड़ा सैलाब*
प्रेम शर्मा

बक्सा:बरपुर मई गाँव के ऐतिहासिक राउर बाबा मेले में बृहस्पतिवार को हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन किया| गंगा दशहरा मेले की सुरक्षा को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल एवं पीएसी बल तैनात रहे|
बुधवार रात दो बजे से शुरू हुआ मेला देर शाम तक चलता रहा। पचास हजार से अधिक भक्तों ने सरोवर में स्नान कर मंदिर में पूजन-अर्चन किया। मेले में शांति सुरक्षा के लिए थानाध्यक्ष लक्ष्मण विक्रम सिंह हमराहियों के साथ भ्रमण करते रहे। वहीं भारी संख्या में पुलिस-पीएसी के जवान भी मुस्तैद रहे। जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर नौपेड़वा बाजार से उत्तर बन्दवारे वीर बाबा के आगे बरपुर मई गांव में स्थित राउर बाबा के नाम से प्रसिद्ध सिद्ध स्थल है।ऐतिहासिक गंगा दशहरा पर राउर बाबा के मेले में कलकत्ता, गुजरात, बिहार,मध्य प्रदेश सहित विभिन्न जिलों एवं शहरों से हजारों श्रद्धालु बसों एवं अन्य वाहनों से मई मेले में एक दिन पूर्व पहुंचते हैं। श्रद्धालु मेले में बड़े-बड़े पताकों के साथ जयकारे लगाते हुए सरोवर की परिक्रमा कर समाधि स्थल का दर्शन करते हैं।
मान्यता है कि सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद यहाँ अवश्य पूरी होती है। बाबा की समाधि स्थल पर लगने वाला यह मेला पूरे एक सप्ताह तक चलता है। गंगा दशहरा ज्येष्ठ मास की शुक्ल पक्ष दशमी तिथि को हर वर्ष पड़ता है।
भक्त मंदिर में चना दाल, गुड़, पूड़ी व हलवा चढ़ाते है। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मनोज कुमार गोंसाई(अधिवक्ता), प्रबंधक राम आदर्श गोंसाई,रायसाहब गोंसाई, भानू प्रताप, प्यारेलाल, डा.मंगला प्रसाद, भीष्म कुमार ने योगदान किया।
