*प्रतापगढ़ में सामूहिक विवाह में 418 जोड़ों ने की शादी*
*412 हिंदू और 6 मुस्लिम जोड़े एक-दूजे के हुए, अफसरों ने दिया गिफ्ट और आशीर्वाद*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ के एटीएल ग्राउंड में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 418 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इस आयोजन में 412 हिंदू और 6 मुस्लिम जोड़ों ने अपने-अपने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह किया। हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ और मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामिक परंपरा के अनुसार हुआ।
कार्यक्रम में सभी नवविवाहित जोड़ों को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का प्रमाण पत्र और एक-एक फलदार वृक्ष प्रदान किया गया। विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि यह योजना बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के लिए है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम गरीब और असहाय परिवारों की बेटियों के जीवन में खुशहाली ला रहा है।जिले के विभिन्न विकास खंडों से जोड़ों ने भाग लिया। लक्ष्मणपुर से सर्वाधिक 43 जोड़े, मंगरौरा से 41 जोड़े और कालाकांकर से 37 जोड़े शामिल हुए। कार्यक्रम में जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
