*अयोध्या में प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर रामलला महोत्सव शुरू, 41 दिन चलेगा भव्य आयोजन*
सुशील कुमार शुक्ला
पंचांग के अनुसार रामलला का महोत्सव तो 11 से 13 जनवरी के बीच संपन्न हो चुका है। अब कैलेंडर के अनुसार बुधवार यानी 22 जनवरी को भव्य मंदिर में रामलला की प्रतिष्ठा का एक वर्ष पूरा हो गया है। इस अवसर पर श्रीरामलला अयोध्याजी सेवा समिति के संयोजन में 41 दिवसीय रामलला महोत्सव का आरंभ किया गया है।
महोत्सव का आरंभ बुधवार को पूर्वाह्न रामलला को छप्पन भोग, 108 किलो की माला तथा ठंड के मौसम के अनुरूप जयपुरिया रजाई अर्पित किए जाने से होगा। इसके बाद रामसत्संग भवन में धर्मध्वजा पूजन और रामरक्षा स्तोत्र का सवा लाख पाठ आरंभ होगा। धर्मध्वजा पूजन से पूर्व भव्य शोभायात्रा निकलेगी। इसमें एक पालकी पर रामलला और बजरंगबली के चित्र के साथ रामरक्षा यंत्र को प्रतिष्ठित किया जाएगा।
*41 दिन तक चलेगा रामरक्षा स्तोत्र का पाठ*
अधिकांश अनुष्ठान तो बुधवार की रात गहराने के साथ थम जाएंगे, लेकिन रामरक्षा स्तोत्र का पाठ पूरे 41 दिन तक चलेगा। पहले दिन तो 251 मर्मज्ञ आचार्य रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास के उत्तराधिकारी एवं मणिरामदास जी की छावनी के महंत कमलनयनदास के मार्गदर्शन में पाठ आरंभ करेंगे, लेकिन इसके बाद 40 दिनों तक 51 आचार्य रामरक्षा स्तोत्र का पाठ जारी रखेंगे।