*प्रतापगढ़ में लूट के बाद कैब चालक की हत्या के मामले में पुलिस ने 50 हजार के इनामी 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार*

*प्रतापगढ़ में लूट के बाद कैब चालक की हत्या के मामले में पुलिस ने 50 हजार के इनामी 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार*

प्रतापगढ़ के थाना कोतवाली देहात पुलिस और स्वाट टीम ने 1 नवंबर को हुई हत्या के मामले में तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, इन आरोपियों पर पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज रेंज द्वारा 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार और एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है।1 नवंबर को प्रतापगढ़-प्रयागराज हाईवे के किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव मिला था, जिसकी पहचान 27 वर्षीय मोहम्मद जफर, निवासी भौली, थाना रुदौली, जनपद अयोध्या के रूप में हुई। जांच में पता चला कि वह लखनऊ में ओला टैक्सी चलाता था। उसे कुछ लोगों ने बुक किया था और हत्या के बाद उसकी कार लूट ली गई थी। इस घटना के संबंध में थाना कोतवाली देहात में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और लूट का मामला दर्ज किया गया था।

*गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और कबूलनामा*

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद साहिल, जांबाज कुरैशी और मोहर्रम के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने लखनऊ से एक ओला टैक्सी लूटने की योजना बनाई थी। इसके लिए वे लखनऊ पहुंचे और स्विफ्ट डिजायर कार को 3,000 रुपये में बुक किया। फिर उन्होंने कार चालक को प्रतापगढ़-प्रयागराज हाईवे पर ले जाकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गए। आरोपियों से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, एक अवैध तमंचा (315 बोर) और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इन पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न जिलों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, धोखाधड़ी और गोवध अधिनियम के तहत दर्ज मामले शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है और जांच जारी है। इस घटना का पूर्वी अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह के द्वारा अनावरण किया गया !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!