पंखा हटाते समय करंट की चपेट में आई महिला, मौत

*पंखा हटाते समय करंट की चपेट में आई महिला, मौत*

*******************

*संवाद: ओमप्रकाश मिश्रा*

सुजानगंज। नाहरमऊ गांव में गुरुवार सुबह घरेलू काम के दौरान करंट की चपेट में आने से 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

 

नाहरमऊ गांव निवासी बीरेंद्र कुमार गौतम की पत्नी कंचन गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे घर में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान पास में चल रहे पंखे को दूसरी जगह रखने के प्रयास में वह बिजली के करंट की चपेट में आ गईं। घटना के वक्त घर में छोटे बच्चे ही मौजूद बताए जा रहे हैं।

 

हादसे की जानकारी होने पर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और कंचन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में चीख-पुकार मच गई।

 

कंचन का मायका सुजानगंज क्षेत्र के अरुआ गांव में है। वह अवधेश गौतम की पुत्री थीं। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं। इनमें करीब पांच वर्षीय बेटा आरके और चार वर्षीय बेटी मीनाक्षी शामिल हैं। मां की मौत के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया।

 

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!