*प्रतापगढ़: पट्टी कान्हा गौशाला की जांच करने पहुंचे एसडीएम व मुख्य पशु अधिकारी, ग्रामीणों ने बताई व्यवस्थाओं की हकीकत*
*जिलाधिकारी के संज्ञान के बाद प्रशासन हुआ सक्रिय, गौवंश की कथित दुर्दशा को लेकर ग्रामीणों ने उठाए सवाल*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ पट्टी। रत्तूपुर स्थित नगर पंचायत पट्टी की कान्हा गौशाला में गौवंश की कथित दुर्दशा और अव्यवस्थाओं को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय के संज्ञान लेने के बाद रविवार को उपजिलाधिकारी पट्टी एवं मुख्य पशु अधिकारी गौशाला पहुंचे और मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों के गौशाला पहुंचने की
जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष गौशाला में गौवंश की देखभाल, चारा-पानी और उपचार सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अपनी शिकायतें और आपत्तियां दर्ज कराईं। ग्रामीणों का आरोप है कि गौशाला में संरक्षित गौवंश को पर्याप्त मात्रा में चारा-पानी
उपलब्ध नहीं हो रहा है। बीमार एवं घायल पशुओं के समय से उपचार तथा उचित देखभाल को लेकर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाए। लोगों ने हाल के दिनों में सामने आए मृत गोवंश से संबंधित वीडियो और तस्वीरों का हवाला देते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने की मांग की। ग्रामीणों ने अधिकारियों से कहा कि गौशाला की व्यवस्थाओं की केवल कागजी नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर जांच होनी चाहिए। साथ ही यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच किए जाने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। अब ग्रामीणों की निगाह जांच रिपोर्ट पर टिकी है कि गौशाला में सामने आई शिकायतों की वास्तविकता क्या निकलती है और यदि अनियमितता या लापरवाही प्रमाणित होती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कदम उठाया जाता है।
