*पूर्वांचल विश्वविद्यालय के नए कुलपति बने प्रो. राकेश कुमार सिंह*
*******************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल गया है। कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के प्रो. राकेश कुमार सिंह को पूर्वांचल विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष के लिए की गई है।
राज्यपाल ने उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा-12 की उपधारा-1 के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह नियुक्ति की है। नियुक्ति आदेश की प्रतिलिपि उच्च शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव, इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति तथा वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कुलसचिव को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
*प्रो. वंदना सिंह का कार्यकाल हुआ पूरा*
प्रो. राकेश कुमार सिंह से पहले प्रो. वंदना सिंह विश्वविद्यालय की कुलपति थीं। राज्यपाल ने उन्हें 24 अगस्त 2023 को तीन वर्ष के लिए कुलपति नियुक्त किया था। उस समय वह इलाहाबाद विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थीं।
प्रो. वंदना सिंह ने 26 अगस्त 2023 को पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति पद का कार्यभार ग्रहण किया था। वह विश्वविद्यालय की दूसरी महिला कुलपति और 19वीं कुलपति बनी थीं।
अब उनके कार्यकाल के बाद प्रो. राकेश कुमार सिंह को विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्ति के साथ ही विश्वविद्यालय में नए कुलपति के नेतृत्व में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों को आगे बढ़ाने की उम्मीद है।
