निषाद पार्टी के 11वें स्थापना दिवस पर उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब

*निषाद पार्टी के 11वें स्थापना दिवस पर उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब*

*51 किलो की फूलों की माला पहनाकर डॉ. आशीष तिवारी ने किया डॉ. संजय निषाद का स्वागत, आरक्षण के मुद्दे पर गूंजे नारे*

दधीच विश्वकर्मा

लंभुआ/सुलतानपुर। निषाद पार्टी का 11वां स्थापना दिवस रविवार को आशियाना स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ऑडिटोरियम लखनऊ में उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। समारोह में निषाद पार्टी के

वरिष्ठ नेता एवं सेवार्थम फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष तिवारी हजारों कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लेते हुए पार्टी की एकजुटता का संदेश दिया।

समारोह के दौरान डॉ. आशीष तिवारी ने निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद का 51 किलो की फूलों की माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल से लेकर पार्टी कार्यालय और आशियाना क्षेत्र तक लगाए गए स्वागत होर्डिंग भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। पार्टी के थीम सॉन्ग के दौरान डॉ. आशीष तिवारी ने मंच से कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में डॉ. आशीष तिवारी ने कहा कि निषाद पार्टी और सेवार्थम फाउंडेशन पीड़ित, वंचित, गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता देने, जर्जर मकानों पर छप्पर डलवाने तथा संकट की घड़ी में लोगों के साथ खड़े होने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

 *आरक्षण के मुद्दे पर गूंजा सभागार* 

समारोह में डॉ. संजय निषाद ने निषाद समाज के आरक्षण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूछा कि उन्हें आरक्षण चाहिए या नहीं। इसके जवाब में पूरा सभागार ‘आरक्षण चाहिए’ के नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने ‘आरक्षण दो, आरक्षण दिलाओ’ के नारे लगाए।

डॉ. संजय निषाद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को अपना वादा निभाते हुए निषाद समुदाय को आरक्षण देना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। कहा कि प्रत्येक गांव और बूथ पर मजबूत टीम तैयार की जाए, जिससे संगठन की गतिविधियों को और गति मिल सके।

समारोह के अंत में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!