*कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से होगी पुष्प वर्षा, मुख्यमंत्री हो सकते हैं शामिल*
प्रेम शर्मा
जौनपुर विकासखंड बक्शा के छंगापुर से बदलापुर विधायक रमेशचंद्र मिश्र द्वारा नाग पंचमी के अवसर पर निकाली जाने वाली कांवर यात्रा को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए हेलीकॉप्टर से रविवार को पुष्प वर्षा होगी।
पुष्प वर्षा करने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आ सकते हैं। हालांकि अभी इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
विधायक द्वारा 16 अगस्त को विकासखंड बक्शा के छंगापुर स्थित बाबा चौरेश्वरनाथ धाम, आदि गंगा गोमती के तट से कांवर यात्रा का शुभारंभ आठ बजे होगा। लगभग 30 किलोमीटर की यह यात्रा 17 अगस्त को महराजगंज विकासखंड के कंधी गांव स्थित सई नदी तट पर बाबा करसूलनाथ धाम पहुंचकर जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, आरती व विशाल भंडारे के साथ संपन्न होगी।
विधायक ने यात्रा को दिव्य व भव्य बनाने के लिए सीएम को पत्र लिखकर यात्रा में शामिल कांवरियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराने की मांग की थी। जिसपर उन्होंने अपनी सहमति प्रदान कर दिया है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है।
जिला प्रशासन ने चौरेश्वरनाथ धाम छंगापुर से लेकर करसूलनाथ धाम कंधी तक पूरे यात्रा मार्ग का रूट चार्ट के साथ ही साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियों में जुट गया है
चकरियहवा घाट पर हेलीकॉप्टर से कांवरियों पर होगी पुष्प वर्षा
विधायक रमेशचंद्र मिश्र द्वारा हजारों शिवभक्तों के साथ आदि गंगा गोमती नदी के तट स्थित चौरेश्वरनाथ धाम से सई नदी तट पर स्थित करशूलनाथ धाम करछुली तक निकाली तक कांवर यात्रा निकाली जाएगी।
जहां बदलापुर खुर्द गांव से गुजरी पीली नदी के चकरियहवा घाट के पुल पर कांवरियों पर हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा दिन में दो बजे की जाएगी। विधायक ने कहा कि कांवर यात्रा पर हेलीकाप्टर से पुष्प यात्रा कराकर मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक कर दिया है। सीएम द्वारा स्वयं पुष्प वर्षा करने की संभावना है।
