*आग में गरीब का आशियाना राख, गृहस्थी का सामान जलकर हुआ खाक*
*सेवार्थम फाउंडेशन ने बढ़ाया मदद का हाथ, संस्थापक डॉ. आशीष तिवारी ने आर्थिक सहयोग के साथ 10 हजार रुपये की खाद्यान्न सामग्री दी*
संवाददाता दधीच विश्वकर्मा
चांदा, सुलतानपुर। चांदा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मल्हीपुर में सोमवार देर रात अज्ञात कारणों से लगी आग ने गरीब परिवार की वर्षों की मेहनत से जुटाई गृहस्थी को पलभर में तबाह कर दिया। आग की चपेट में आने से प्रेम निषाद का छप्परनुमा घर और उसमें रखा अधिकांश घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हादसे के बाद परिवार के सामने सिर छिपाने से लेकर भोजन और रोजमर्रा की जरूरतों तक का संकट खड़ा हो गया है।
बताया गया कि सोमवार देर रात अचानक छप्पर से आग की लपटें उठने लगीं। परिवार के लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक छप्पर समेत घर में रखा गृहस्थी का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। हादसे में परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

*सूचना मिलते ही पहुंचे डॉ. आशीष तिवारी*
घटना की जानकारी मिलने पर सेवार्थम फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. आशीष तिवारी बुधवार को पीड़ित प्रेम निषाद के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार से मुलाकात कर हादसे की जानकारी ली और आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। पीड़ित परिवार की स्थिति देखकर उन्होंने तत्काल आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
इसके अलावा सेवार्थम फाउंडेशन की ओर से परिवार को 10 हजार रुपये की खाद्यान्न सामग्री उपलब्ध कराई गई। संस्था की इस पहल से आग में सब कुछ गंवा चुके परिवार को तत्काल राहत मिली।
*जरूरत पड़ने पर आगे भी करेंगे मदद*
डॉ. आशीष तिवारी ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। परिवार की जरूरत के अनुसार संस्था की ओर से आगे भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और असहाय परिवारों की मदद करना सेवार्थम फाउंडेशन का प्रमुख उद्देश्य है।
आग की इस घटना से प्रेम निषाद का परिवार सदमे में है। मेहनत से वर्षों में जुटाई गई गृहस्थी एक ही रात में राख हो जाने से परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। ऐसे समय में सेवार्थम फाउंडेशन की ओर से की गई मदद से परिवार को कुछ राहत मिली है। ग्रामीणों ने भी संस्था के इस मानवीय प्रयास की सराहना की।
