*जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर कार-बाइक की भिड़ंत, चार घायल; दो की हालत गंभीर*
*******************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को जौनपुर-शाहगंज मार्ग स्थित आयारमानीस ढाबे के समीप कार और दो बाइकों के बीच हुई टक्कर में चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे खाई में पलट गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली, जिससे कुछ देर के लिए विवाद और मारपीट जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान घायल सड़क पर पड़े मदद की गुहार लगाते रहे।
जानकारी के अनुसार, पारा कमाल निवासी आतिफ पुत्र फैजान कार से अपनी दुकान की ओर जा रहा था। आयारमानीस ढाबे के पास अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी टक्कर हो गई और कार सड़क किनारे खाई में पलट गई।
दुर्घटना में कौड़िया निवासी दिव्यांश, प्रिंश पुत्र लाला, राकेश पुत्र रामजीत तथा साहिल पुत्र आतिश घायल हो गए। बताया गया कि सभी बाइक सवार खेतासराय की ओर काम पर जा रहे थे।
सूचना मिलते ही शाहगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल मरीजों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, दिव्यांश और प्रिंश की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
